छतरपुर। शहर के वार्ड नंबर 14 में ईदगाह के पास रहने वाली महिला ने मंगलवार को जनसुनवाई में आवेदन देते हुए बताया कि उसने एक व्यक्ति से प्लॉट खरीदा था, जिसकी रजिस्ट्री नहीं कराई जा रही है। वह पूर्व में कई बार अधिकारियों को आवेदन दे चुकी है लेकिन अभी तक सुनवाई नहीं हुई। महिला ने कलेक्टर से त्वरित कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई है।
पीडि़त महिला सविता पत्नी गोवर्धन कुशवाहा निवासी वार्ड नंबर 14 ने बताया कि चार साल पहले उसके पति ने बृजलाल अनुरागी से एक प्लॉट खरीदा था। इसके लिए 30 हजार रुपये नगद दिए गए और बाकी राशि के बदले उनके पति गोवर्धन ने बृजलाल के यहां काम किया। सविता ने बताया कि उसने प्लॉट पर मकान भी बनवा लिया, लेकिन बृजलाल ने अब तक रजिस्ट्री नहीं की है। कुछ समय पूर्व उसके पति गोवर्धन की मृत्यु हो चुकी है, जिसके बाद सविता की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। सविता ने बताया कि उसने सिविल लाइन थाना और 181 पर शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन कार्रवाई की बजाय थाना प्रभारी ने शिकायत बंद कराने का दबाव बनाया। सविता ने बताया कि वह जनसुनवाई में भी कई आवेदन दे चुकी हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।









