। गरौली गांव स्थित नौगांव नगर पालिका के फिल्टर प्लांट परिसर में बेशकीमती हरे-भरे सागौन के पेड़ों की अवैध कटाई को लेकर विवाद गरमा गया है। मामले को लेकर पूर्व कांग्रेस विधायक नीरज दीक्षित के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को एसडीएम के नाम तहसीलदार रंजन यादव को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई कि सागौन के पेड़ों की कटाई करवाने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही पूर्व में हुए पेड़ कटान की भी जांच कर दोषियों को दंडित किया जाए।
पूर्व विधायक दीक्षित ने कहा कि यह गंभीर मामला है और नगर पालिका सीएमओ रामस्वरूप अवस्थी के मौखिक आदेश पर यह कटाई करवाई गई। उन्होंने मांग की कि फिल्टर प्लांट से हटाए गए कर्मचारी को पुन: बहाल किया जाए और जप्त की गई सागौन की लकड़ी को वन विभाग के सुपुर्द किया जाए।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिवस के भीतर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस कार्यकर्ता तहसील कार्यालय परिसर में टेंट लगाकर उग्र आंदोलन करेंगे।
इस अवसर पर कांग्रेस नगर अध्यक्ष कुलदीप यादव, गगन यादव, अरविंद यादव, सावंत सिंह, शैलू राजा, चंदन सिंह, विष्णु स्वरूप नायक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शन के दौरान नगर पालिका सीएमओ के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की गई और ज्ञापन में उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
इस संबंध में जब नगर पालिका सीएमओ रामस्वरूप अवस्थी से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि वे इस समय बाहर हैं और उन्होंने केवल परिसर में सूखे पड़े पेड़ों की सफाई के निर्देश दिए थे, न कि हरे पेड़ों को काटने के। उन्होंने कहा कि यदि किसी ने हरे पेड़ काटे हैं, तो वह उनकी अनुमति के बिना किया गया कार्य है और यह गलत है।










