छतरपुर। पिछले करीब 8 दिनों से जिला अस्पताल में भर्ती एक महिला ने सोमवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिसके बाद उसके पति की असंवेदनशीलता उजागर हुई। मृत महिला के पिता ने बताया कि बेटी के पति ने तो इलाज में सहयोग किया और न ही मृत्यु के बाद उसका अंतिम संस्कार करने को तैयार है।
वार्ड क्रमांक 8 छतरपुर के निवासी भारत अहिरवार ने बताया कि उनकी पुत्री प्रियंका अहिरवार उम्र 25 वर्ष की शादी करीब पांच साल पहले बड़ामलहरा निवासी नरेंद्र अहिरवार से हुई थी। प्रियंका पिछले करीब पिछले डेढ़ साल से बीमार थी, जिसके चलते ससुराल वालों ने उसे मायके में छोड़ दिया था। लगभग आठ दिन पहले प्रियंका की हालत बिगडऩे पर वे उसे जिला अस्पताल लाए थे, जहां आईसीयू वार्ड में उसका इलाज चल रहा था। सोमवार को इलाज के दौरान प्रियंका की मृत्यु हो गई। भारत अहिरवार के मुताबिक प्रियंका की गंभीर हालत के बावजूद ससुराल पक्ष से कोई भी उसे देखने या इलाज के लिए नहीं आया। इतना ही नहीं प्रियंका की मृत्यु के बाद उन्होंने पति नरेंद्र से अंतिम संस्कार करने का आग्रह किया लेकिन नरेंद्र ने अंतिम संस्कार करने से भी साफ इनकार कर दिया। मायके वालों की मांग है कि प्रियंका का अंतिम संस्कार उसका पति ही करे, लेकिन नरेंद्र, उनका आग्रह स्वीकार नहीं कर रहा है।










