छतरपुर। प्रसिद्ध कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा की कथित विवादित टिप्पणी को लेकर कायस्थ समाज का आक्रोश फूट पड़ा। समाज के सैकड़ों लोगों ने शुक्रवार को सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और मिश्रा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आरोप है कि कथावाचक ने कायस्थ समाज के आराध्य देव भगवान चित्रगुप्त को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिससे समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
प्रदर्शन के बाद कायस्थ समाज के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि पं. प्रदीप मिश्रा स्वयं चित्रगुप्त मंदिर आकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। समाज का कहना है कि कथावाचक भले ही पहले माफी मांग चुके हों, लेकिन तब भी समाज का आक्रोश शांत नहीं हुआ है, क्योंकि उनकी माफी औपचारिक और अपमानजनक टिप्पणी के अनुपात में अपर्याप्त थी। इस अवसर पर कायस्थ समाज के अध्यक्ष विष्णु प्रसाद खरे, अरुण देव खरे सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।










