
छतरपुर। लवकुशनगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुरा गांव में एक जमीन विवाद ने गंभीर मोड़ ले लिया, आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में महिला और उसकी वृद्ध सास के साथ मारपीट की गई।
जानकारी के अनुसार, मन्नू राजपूत पत्नी चतुर्भुज राजपूत बीती रात अपनी सास सियारानी के साथ खेत पर मौजूद थीं। उसी दौरान गांव के दिनेश मिश्रा वहां पहुंचा, जिससे उक्त जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा है। मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है।
पीडि़त परिवार के अनुसार, दिनेश मिश्रा ने खेत खाली करने की धमकी दी, गाली-गलौज की और फिर वहां से चला गया। देर रात वह लवकुशनगर थाने और चौकी अक्टौहां की पुलिस को साथ लेकर दोबारा खेत पर पहुंचा और पुलिस की मौजूदगी में मन्नू राजपूत और उनकी सास सियारानी से मारपीट की गई।
इस घटना के विरोध में पीडि़त परिवार ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।








