
छतरपुर। यूं तो अप्रैल माह के प्रारंभ से ही गर्मी का कहर जारी है पर पिछले 15 दिनों से तापमान में कुछ खास बढ़ोत्तरी महसूस की जा रही है जिसको देखते हुए हिंदू उत्सव समिति ने अपना पशु पक्षी पेयजल अभियान प्रारंभ कर दिया।
आज अक्षय तृतीया को समिति के पशु पक्षी पेयजल अभियान के तहत एमएलबी स्कूल तिराहा पर छतरपुर नपा सीएमओ माधुरी शर्मा द्वारा टंकी का विधिवत पूजन करते हुए जलापूर्ति कर अभियान की शुरुआत की गई। इस मौके पर वरिष्ठ समाजसेवी प्रभा वैध, नारीशक्ति की बरखा मिश्रा, दीपा राजपूत सहित समिति के अध्यक्ष पवन मिश्रा, हिमांशु अग्रवाल, प्रिंस साहू मौजूद रहे।
पवन मिश्रा ने बताया कि समिति ने आज के पावन दिवस पर आधा दर्जन स्थानों पर पशुपक्षियों के लिए पेयजल पात्र की व्यवस्था की है। नरसिंहगढ़पुरवा में कवियत्री नम्रता शुक्ला एवं अजय चतुर्वेदी ने टंकी में पानी डालकर अभियान को गति प्रदान की। समिति आगामी दिनों में अपनी ये सेवा निरंतर जारी रखेगी और जरूरत के अनुसार जलपात्र स्थापित कर मूक प्यासे पशु पक्षियों की प्यास बुझाने का काम करती रहेगी। वहीं नपा सीएमओ माधुरी शर्मा ने भी इसे मानवीय पहल बताते हुए कहा कि जहां पर आवश्यकता पड़ेगी नपा के टैंकरों द्वारा भी इन जलपात्रों में पानी डालने का प्रयास किया जायेगा।








