
छतरपुर। लवकुशनगर थाना क्षेत्र के ग्राम धरमपुरा में करीब 4 वर्ष पूर्व दबंगों ने सेन परिवार के साथ मारपीट की थी। फरियादी की शिकायत पर पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने तथा आरोपियों से मिल रही धमकियों के भय से पीडि़त परिवार को गांव तक छोडऩा पड़ा था। मंगलवार को पीडि़त परिवार ने एसपी ऑफिस में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
धरमपुरा निवासी मातादीन सेन ने बताया कि 4 वर्ष पूर्व दशहरे के दिन गांव के निर्भय सिंह, रूप सिंह, राहुल सिंह, विक्रम सिंह और झरपोटा सिंह ने शराब पिलाने की मांग की और जब मांग पूरी नहीं हुई तो उक्त सभी लोगों ने मिलकर मातादीन तथा उसकी पत्नी के साथ मारपीट कर दी थी। मातादीन के मुताबिक उसने घटना दिनांक को ही लवकुशनगर थाना में शिकायत की थी लेकिन पुलिस द्वारा आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। वहां आरोपी गांव में उसे लगातार धमकियां दे रहे थे, जिस कारण से उसने परिवार सहित गांव छोड़ दिया था। मातादीन ने बताया कि पिछले 4 सालों से वह उत्तरप्रदेश के महोबा में किराए का मकान लेकर रह रहा है। पिछले दिनों उसे जानकारी मिली है कि आरोपियों ने उसके घर को क्षतिग्रस्त करते हुए घर के अंदर रखा सामान भी उठा लिया है।








