
छतरपुर। शहर के सागर रोड पर संचालित होटल फोर सीजन में एक ग्राहक को भोजन करना महंगा पड़ गया। दरअसल होटल के संचालक अनुराग महतों के रेस्टोरेंट स्टाफ ने अपने ग्राहक को लापरवाही से दाल-चावल में कॉकरोच खिला दिया। खाने में मौजूद कॉकरोच जैसे ही ग्राहक के पेट मे गया उसे फ़ूड पॉइजनिंग हो गई तथा उसे उल्टियां होने लगी। हालत बिगडऩे पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।ग्राहक का नाम राहुल बिंदुआ बताया गया है, जो कि शहर की चेतगिरी कॉलोनी का निवासी है। अस्पताल में भर्ती 34 वर्षीय राहुल पुत्र सुरेंद्र कुमार बिन्दुआ ने बताया कि उसने छतरपुर के सागर रोड पर स्थित होटल फोर सीजन में खाने का ऑर्डर दिया था। खाने में मिक्स वेज सब्जी, दाल-चावल, रोटी, रायता, बटर पनीर आदी शामिल थे। राहुल के मुताबिक जब वह दाल-चावल खा रहा था तभी दाल में कॉकरोच मिला और तभी से उसे उल्टी होने लगी। होटल में शिकायत करने पर कर्मचारी ने जवाब दिया कि होटल में लाइट नहीं है, जिस कारण से खाने में कॉकरोच गिर गया होगा। इसके बाद राहुल ने अपनी फेसबुक पर पोस्ट डालकर घटना के बारे में शहर के लोगों को जानकारी दी और उन्हें सावधान किया। फिलहाल राहुल जिला अस्पताल में भर्ती है, उसका कहना है कि वह खाद्य विभाग में इस मामले की शिकायत करेगा।








