
कलेक्टर ने की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा
छतरपुर। उस्ताद अलाउद्दीन खान संगीत एवं कला अकादमी म.प्र. संस्कृति परिषद भोपाल द्वारा खजुराहो नृत्य समारोह 20 से 26 फरवरी 2025 तक कंदरिया महादेव एवं देवी जगदंबा मंदिरों के मध्य में आयोजित किया जाना है। इसके संबंध में कलेक्टर पार्थ जैसवाल की अध्यक्षता में स्थानीय समिति की बैठक गुरुवार को खजुराहो नगर परिषद में संपन्न हुई।बैठक में राजनगर विधायक अरविंद पटैरिया ने स्थानीय बुंदेली नृत्य को खजुराहो फेस्टिवल में प्रदर्शित करने का सुझाव दिया। साथ ही आदिवर्त द्वारा लगाई जा रही दुकानों में स्थानीय शिल्प कला और उनके शिल्पकारों को मौका देने का भी सुझाव प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने मीडिया बंधुओ के लिए फोटो एवं वीडियो ग्राफी लाइव प्रसार के लिए एक लिंक बनाने के निर्देश दिए। बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को कार्य आवंटित कर संस्कृति विभाग को प्राथमिक रूप से तैयारी पूर्ण करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों का स्वागत किया गया और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और तैयारियों के संबंध में विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया। इसके अलावा खजुराहो में स्वच्छता व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। इस मौके पर राजनगर विधायक अरविंद पटैरिया, छतरपुर नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया, खजुराहो नगर परिषद अध्यक्ष अरुण अवस्थी, एसपी अगम जैन, एडीएम मिलिंद नागदेवे, एसडीएम प्रशांत अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर जी.एस. पटेल, नगरपरिषद सीएमओ बसंत चतुर्वेदी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।









