
लोक शिक्षण संचालनालय की राज्य स्तरीय बाल रंग प्रतियोगिता
।छतरपुर। शहर के उत्कृष्ट हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक 1 में अध्यनरत एक बेटी ने लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय बाल रंग प्रतियोगिता में भाग लेकर पहला स्थान हासिल किया है । इस बेटी को प्रतियोगिता के तहत वेद पाठ करने का मौका मिला। छात्रा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पहला स्थान पाया है। जिले के लिए यह गौरव की बात है। विद्यालय परिवार के साथ-साथ बेटी के परिवार से जुड़े लोगों ने शुभकामनाएं देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की है।जानकारी के मुताबिक अधिवक्ता उमेश कुमार शर्मा की बेटी श्रुति शर्मा उत्कृष्ट हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक 1 की छात्रा है। बिना किसी गुरुकुल परंपरा के अध्ययन के श्रुति ने वेद पाठ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। यूट्यूब के माध्यम से वेद की ऋचाओं का अध्ययन करने वाली श्रुति ने बताया कि भोपाल के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में विगत दिनों राज्य स्तरीय बाल रंग प्रतियोगिता आयोजित हुई। जिले से उसे भी इस प्रतियोगिता में शामिल होने का मौका मिला। प्रतियोगिता के तहत जब उसे वेद पाठ का टास्क मिला तो उसने धैर्य के साथ अपनी प्रस्तुति दी। 10 प्रतिभागियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर उसे यह राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। संस्कृत के शिक्षक नीरज पांडे एवं नीरज बाजपेयी का श्रुति को विशेष सहयोग मिला। उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य एस के उपाध्याय सहित पूरे विद्यालय परिवार ने शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की कामना की।









