
टीकमगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आज खजुराहो में केन-बेतवा नदी जोड़ो राष्ट्रीय परियोजना का शिलान्यास, ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सौर परियोजना का लोकार्पण एवं 1153 नवीन अटल ग्राम सेवा सदन का भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर टीकमगढ़ जिले के 13 अटल ग्राम सुशासन भवनों का भूमि पूजन हुआ। इस अवसर पर कृषि महाविद्यालय टीकमगढ़ में जिला स्तरीय किसान सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कलेक्टर अवधेश शर्मा, जनप्रतिनिधि, एसडीएम टीकमगढ़ संजय कुमार दुबे सहित संबंधित अधिकारी तथा किसान भाईयों द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मुख्यातिथ्य में खजुराहो में केन-बेतवा लिंक परियोजना के शिलान्यास कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। केन- बेतवा लिंक परियोजना के अंतर्गत टीकमगढ़ जिले में पलेरा, जतारा, लिधौरा तथा दिगौड़ा तहसील के 131 गांव के किसान लाभान्वित होंगे। इससे इस क्षेत्र में सिंचाई क्षमता बढ़ेगी जिसका लाभ किसान भाइयों को होगा। अच्छी सिंचाई होने से फसल उत्पादकता में भी वृद्धि होगी। इसके अलावा जल स्तर में सुधार होगा और पेयजल की उपलब्धता होगी।








