
।छतरपुर। 25 दिसंबर को केन-बेतवा लिंक परियोजना की आधारशिला रखने खजुराहो आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। तैयारियों को लेकर राजनगर विधायक अरविंद पटैरिया विशेष सक्रियता दिखाते हुए निरंतर समीक्षा कर रहे हैं। सोमवार को उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया, साथ ही अधिकारियों से विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। तदुपरांत विधायक ने खजुराहो नगर परिषद के सभागार में नगर परिषद अध्यक्ष अरुण कुमार अवस्थी, सीएमओ बसंत चतुर्वेदी, खजुराहो होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक गौतम, संरक्षक अविनाश तिवारी, पं. सुधीर शर्मा सहित होटल संघ के अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा विधायक श्री पटैरिया द्वारा अपनी विधानसभा क्षेत्र की पंचायतों के सरपंच और सचिवों के माध्यम से अधिकाधिक लोगों को कार्यक्रम में शामिल करने का भी प्रयास कर रहे हैं।पुलिस ने जारी की प्रतिबंधित सामग्री की सूचीशिलान्यस समारोह हेतु सभास्थल, मार्ग एवं क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की दृष्टि से छतरपुर पुलिस द्वारा व्यवस्थाएं की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था एवं जनसामान्य की सुविधा हेतु छतरपुर पुलिस द्वारा कई घेरे की सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है। सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम स्थल पर ड्रोन अथवा ड्रोन कैमरे पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेंगे। इसके अलावा कोई भी फेंकी जा सकने वाली वस्तु, जैसे सिक्के, पेन आदि, कोई भी धारदार वस्तु, जैसे चाकू, छुरी, ब्लेड आदि, पानी की बोतलें या पाऊच।, किसी भी प्रकार के ज्वलनशील पदार्थ, जैसे – लाईटर, माचिस, पटाखे आदि, लाठी, डंडा, छाता तथा अन्य किसी भी प्रकार के औजार एवं हथियार, बीड़ी, सिगरेट, गुटखा एवं अन्य नशीले पदार्थ, मोबाईल फोन को छोडक़र अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, किसी भी तरह की आपत्तिजनक सामग्री, बैग, झोला या कोई ढका हुआ सामान एवं कीमती सामग्री नहीं पहुंचने दी जाएगी।









