
सरकार कप सीजन-2 के दसवें दिन हुए 4 मुकाबले
छतरपुर। शहर के पन्ना रोड स्थित शताब्दी खेल मैदान में चल रहे सरकार कप सीजन-2 क्रिकेट टूर्नामेंट के दसवें दिन यानि कि मंगलवार को 4 मुकाबले हुए, जिनमें सबसे रोमांचक मुकाबला पेप्टेक पैंथर और ललौनी-11 के बीच हुआ। उल्लेखनीय है कि सरकार कप सीजन-2 क्रिकेट टूर्नामेंट इन दिनों छतरपुर के खेल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है। चूंकि इस वर्ष बाहर के खिलाड़ी भी टूर्नामेंट में भाग ले रहे हैं इसलिए हर रोज सैकड़ों दर्शक मुकाबलों को देखने के लिए आयोजन स्थल पर पहुंच रहे हैं।टूर्नामेंट के आयोजक विक्की यादव ने बताया कि मंगलवार को पहला मुकाबला सुबह साढ़े 9 बजे सीसीए और एक्सीलेंस के बीच हुआ जिसमें लक्ष्य का पीछा करते हुए सीसीए ने 6 विकेट से मैच अपने नाम किया। दूसरा मुकाबला जेपी जैगुवार और कावर-11 के बीच हुआ जिसमें जेपी जैगुवार विजेता रही और तीसरा मुकाबला शताब्दी और स्पाटन के बीच हुआ जिसमें शताब्दी टीम ने जीत हासिल की। दसवें दिन का आखिरी मैच शहर की जानमानी टीम पेप्टेक पैंथर और ललौनी-11 के बीच हुआ, जो कि सबसे रोमांचक रहा। विक्की ने बताया कि ललौटी टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने निर्धारित ओवरों में 130 रनों का लक्ष्य खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पेप्टेक पैंथर के धर्मेन्द्र और प्रशांत की आतिशी पारी के सामने ललौनी-11 ने घुटने टेक दिए और दूसरी पारी के नौवें ओवर में ही पेप्टेक ने इस मुकाबले को अपने नाम कर दिया। पेप्टेक की ओर से धर्मेन्द्र ने 38 और प्रशांत ने 50 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें कई गगनचुंबी छक्के दर्शकों को देखने को मिले









