
घर में घुसकर मारपीट के आरोप, थाने पहुंचा पीडि़त परिवार
छतरपुर। एक पुराने मामले में जब पीडि़त परिवार द्वारा राजीनामा नहीं किया गया तो आरोपी पक्ष ने रविवार को पीडि़त परिवार के घर पर पत्थर बरसाना शुरु कर दिए। जब आरोपी पत्थर बरसा रहे थे तब पीडि़त परिवार द्वारा उनका वीडियो बना लिया गया। पीडि़त परिवार का आरोप है कि पत्थरबाजी से पहले आरोपियों ने परिवार के लोगों के साथ घर में घुसकर मारपीट भी की है।
पीडि़त धीरज वाल्मीकि निवासी फूला देवी मार्ग अमानगंज मोहल्ला छतरपुर ने बताया कि मोहल्ले के ही रहने वाले मुन्ना और रज्जू के परिवार से उनका विवाद चल रहा है। पूर्व में आरोपियों ने उसके पिता के साथ मारपीट की थी, जिसका रिपोर्ट उसके द्वारा थाने में की गई थी। आरोपी पक्ष द्वारा उक्त मामले में राजीनामा करने का दबाव बनाया जा रहा है। धीरज ने बताया कि अभी हाल ही में उसके पिता का निधन हुआ है, जिसके बाद आरोपियों ने उसकी पत्नी को धमकाया था। धीरज के मुताबिक रविवार को आरोपियों ने उसके घर में घुसकर परिवार के लोगों के साथ मारपीट की और इसके बाद अपने घर की छत पर चढ़कर, उसके घर पर पत्थर बरसाए। धीरज ने बताया कि जब आरोपी पत्थर बरसा रहे थे तब उसने आरोपियों का वीडियो बना लिया था, जो कि उसके पास मौजूद है। घटना के दौरान पीडि़त परिवार ने पुलिस को सूचना दी थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पीडि़त परिवार ने कोवताली थाना में शिकायत करते हुए कहा कि आरोपी इससे पहले भी कई बार परिवार पर हमला कर चुके हैं, जिसकी शिकायतें थाने में की गईं लेकिन पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई न किए जाने के कारण आरोपियों के हौसले बुलंद हैं।








