
कलेक्टर से की ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग
छतरपुर। चंदला तहसील अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत पांडेपुरवा और ग्राम बुड़ैला के ग्रामीण पिछले करीब एक साले से विद्युत समस्या से परेशान हैं। मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में आवेदन देकर ग्रामीणों ने पंचायत में हैवी लोड वाला ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की है।पांडेपुरवा निवासी योगेश सिंह पटेल ने बताया कि दोनों गांव की विद्युत आपूर्ति के लिए सामान्य लोड वाले ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं जो अक्सर खराब हो जाते हैं और बिजली की समस्या बनी रहती है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में दो आटा चक्कियां भी लगी हुई हैं, जिस कारण से सामान्य लोड वाले ट्रांसफार्मर लोड नहीं ले पाते और बार-बार जल जाते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक वे पूर्व में अपनी समस्या विद्युत विभाग के अधिकारियों और तहसीलदार को भी बता चुके हैं लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा हैवी लोड वाला ट्रांसफार्मर लगाने के एवज में ग्रामीणों से पैसों की मांग की जा रही है। कलेक्टर को आवेदन देकर ग्रामीणों ने समस्या का समाधान कराने की मांग की है।









