
पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर महिला ने लगाई न्याय की गुहार
छतरपुर। गत 4 नवंबर को नौगांव थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में घायल हुए युवक की मौत के बाद उसकी पत्नी ने सुनियोजित तरीके से उसके पति की हत्या किए जाने के आरोप लगाए हैं। मंगलवार को महिला ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर मामले की जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।टीकमगढ़ जिले के पलेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम गौना की रहने वाली ममता अहिरवार का कहना है कि गत 4 नवंबर को उसका 28 वर्षीय पति दीपेन्द्र अहिरवार ग्राम गौना से अपने ट्रैक्टर में ईंट भरकर नौगांव थाना क्षेत्र के ग्राम तिंदनी आया था। रात के वक्त डायल-100 पुलिस द्वारा उसे सूचना दी गई कि दीपेन्द्र सड़क दुर्घटना में घायल हो गया है। सूचना मिलते ही ममता, परिवार के अन्य लोगों के साथ नौगांव अस्पताल पहुंची जहां दीपेन्द्र अचेत अवस्था में मिला। हालत गंभीर होने के कारण परिजन उसे झांसी ले गए जहां कई दिनों तक दीपेन्द्र का इलाज चला। ममता के मुताबिक इलाज के दौरान जब दीपेन्द्र को होश आया था, तब उसने बताया था कि तिंदनी से वापिस लौटते वक्त रास्ते में पन्ना पुत्र टुट्टी, चिन्टू पुत्र मतैंया अहिरवार, किस्सू पुत्र लछुआ और भूपेन्द्र पुत्र पूरन ठाकुर सभी निवासी ग्राम गौना हाल निवासी नौगांव द्वारा पहले उसे शराब पिलाई गई और इसके बाद उसके साथ मारपीट करते हुए ट्रैक्टर को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। झांसी के बाद दीपेन्द्र को ग्वालियर रेफर किया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। ममता ने छतरपुर पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर घटना की बारीकी से जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई कराने की मांग की है।









