
छतरपुर। सागर डिविजन क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वाधान में बम्होरी रेंगुआ स्थित चंदू सरवटे एमपीसीए क्रिकेट मैदान पर खेले गए सागर और छतरपुर के मध्य तीन दिवसीय फाइनल मुकाबले में छतरपुर ने सागर डिस्ट्रिक्ट को 26 रनों से पराजित कर खिताब अपने नाम किया है। मुकाबले को जीतने के लिए सागर डिस्ट्रिक्ट को 170 रनों का लक्ष्य मिला था, जिसका पीछा करते हुए सागर डिस्ट्रिक्ट की टीम एक समय पांच विकेट पर 133 रन बनाकर मजबूत स्थिति में दिख रही थी, लेकिन बाद में छतरपुर के लेफ्ट आर्म गेंदबाज निष्कर्ष सक्सेना ने 136 रनों पर छठवां विकेट झटका दे दिया और सागर डिस्ट्रिक्ट की पूरी टीम 143 रनों पर ही सिमट गई। निष्कर्ष सक्सेना ने पहली पारी में 6 और दूसरी पारी में 8 सहित कुल 14 विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया है। टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज सागर डिस्ट्रिक्ट के अध्ययन यादव रहे, जिन्होंने 185 रन बनाए। टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का खिताब भी छतरपुर के गेंदबाज निष्कर्ष सक्सेना को मिला, उन्होंने दो मैचों की चार पारियों में कुल 26 विकेट लिए। दोनों टीमों की दोनों पारियों पर नजर डालें तो छतरपुर का पहली पारी में स्कोर 229-10 रहा, जबकि सागर का स्कोर पहली पारी में 168-10 था। दूसरी पारी में छतरपुर का स्कोर 108-10 रहा तथा सागर का स्कोर दूसरी पारी में 143-10 रहा।








