
छतपुर। चहचहाते दीपों और खुशियों के पर्व दिवाली पर, जब हर कोई अपने घर में खुशियों की रौशनी फैला रहा था, संगम सेवालय ने चहकते चेहरों का सपना साकार करने की पहल की। संगम सेवालय की ओर से इस दिवाली पर झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले परिवारों को दिवाली की विशेष दिवाली किट का वितरण किया गया। इस किट में मिठाई, दीपक जलाने के लिए तेल और रुई, नमकीन, फुलझड़ी, और चकरी जैसी चीजें शामिल थीं। बच्चों के लिए विशेष रूप से फ्रूटी, बिस्कुट, और चिप्स का वितरण किया गया, जिससे उनके चेहरे पर खुशी की चमक आ गई।इस अभियान का उद्देश्य था कि समाज के हर वर्ग को त्योहार की खुशी का हिस्सा बनाया जा सके, और उन लोगों तक दिवाली की रौनक पहुंचाई जाए, जो आमतौर पर इसे मनाने के लिए संघर्ष करते हैं। संगम सेवालय के सदस्यों विपिन अवस्थी,अंजू अवस्थी,नीतू सिंह दीपू चतुर्वेदी एंजेल,अनाया अवस्थी ने बच्चों के चेहरे पर मुस्कान और बुजुर्गों की आँखों में संतोष की झलक देखकर अपनी मेहनत सफल समझी।संगम सेवालय के सदस्य दीपू चतुर्वेदी ने बताया कि हमारी टीम का मानना है कि दिवाली का असली अर्थ तभी पूरा होता है जब हर किसी के घर में उम्मीदों की रौशनी और खुशियों का दीप जलाया जाए। इस पहल ने यह सुनिश्चित किया कि झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले भी इस पर्व की खुशियों में शामिल हो सकें।








