
बड़ामलहरा। नगर परिषद द्वारा आयोजित चार दिवसीय गरबा महोत्सव के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि बतौर बिजावर विधायक राजेश शुक्ला बबलू ने संबोधन के दौरान कहा कि छोटी जगह में गरबा महोत्सव जैसा सुव्यस्थित कार्यक्रम बड़ा आयोजन है। जिसके लिए उन्होंने नगर परिषद अध्यक्ष निशा आनन्द सिंह बुन्देला, आयोजन के संरक्षक पूर्व विधायक प्रद्युम्न सिंह तथा नगर परिषद सीएमओ उमा शंकर मिश्रा सहित समिति के पदाधिकारी व कर्मचारियों की सराहना की। इस दौरान समापन कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि रहे उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री कुंवर बादशाह सिंह ने भी आयोजन मंडल को प्रोत्साहित किया। नगर के सरस्वती शिशु मंदिर हाई स्कूल परिसर में नगर परिषद द्वारा स्वच्छता की थीम पर चार दिवसीय भव्य गरबा महोत्सव का आयोजन किया गया जिसका समापन गणमान्य लोगों की मौजूदगी में हुआ। नगर परिषद अध्यक्ष द्वारा उक्त परिसर में 5 लाख रुपये की लागत से आवश्यकता अनुसार निर्माण कार्य कराए जाने की घोषणा भी की गई। समापन अवसर पर पूर्व विधायक प्रद्युम्न सिंह के अलावा भाजपा नेता डॉक्टर रमेश अग्रवाल, नाथूराम पन्या, आनन्द सिंह, सुनील मिश्रा, गिरजा पटेरिया, सुनील अवस्थी, मानिक शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।









