
टीकमगढ़। बीजेपी के सक्रिय कार्यकर्ता एवं सांसद प्रतिनिधि आशीष तिवारी पर नाबालिग बच्ची के साथ छेडख़ानी का मामला दर्ज किये जाने को लेकर शहर में अटकलों का दौर जारी बना हुआ है। आशीष तिवारी पर पुलिस ने पास्को एक्ट का मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई आरंभ कर दी है। बताया गया है कि कोतवाली पुलिस ने भाजपा नेता और सांसद प्रतिनिधि आशीष तिवारी पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी पर 7 साल की बच्ची को अपने घर में ले जाकर छेड़छाड़ करने का आरोप है। कोतवाली पुलिस ने बच्ची की मां की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। कोतवाली थाना प्रभारी आनंद राज ने बताया कि शुक्रवार को बच्ची की मां ने थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि 19 सितंबर की शाम करीब 4 बजे बच्ची घर के पास साइकिल चला रही थी। इसी दौरान आरोपी उसे बहला कर अपने घर ले गया। इसके बाद उसने बच्ची के साथ छेड़छाड़ की। साथ ही आरोपी ने कहा कि अगर किसी को बताया तो जान से मार दूंगा। बच्ची की मां ने पुलिस को बताया कि डर के कारण बच्ची ने 19 तारीख को घटना के बारे में नहीं बताया। 20 तारीख को बच्ची ने इस बारे में मां को बताया। इसके बाद उन्होंने कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज करा दी।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज-
कोतवाली पुलिस ने आरोपी आशीष तिवारी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित धारा 74, 127 (2), 351(3), लैंगिक अपराध से बालकों का संरक्षण की धारा 7,8 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है। बताया गया है कि भाजपा नेता आशीष तिवारी को डॉ वीरेंद्र कुमार ने 10 सितंबर को सांसद प्रतिनिधि बनाया था। सांसद ने उन्हें शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक 1 का नियुक्त किया है।








