
बिजावर। नगर परिषद कार्यालय में बिजावर में शनिवार को स्वच्छता पखवाड़ा-2024 के तहत सफाई मित्रों को समारोहपूर्वक सम्मान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक राजेश बबलू शुक्ला रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष चंद्रभान गौतम मौजूद रहे। इसके अलावा कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व विजय कुमार द्विवेदी, पिछड़ा मोर्चा जिला अध्यक्ष अवधेश यादव, नगर परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी यादव, सीएमओ संतोष सैनी उपस्थित रहे।मुख्य अतिथि विधायक श्री शुक्ला ने बताया कि हमारे सफाई मित्र नि:स्वार्थ भाव से हम सब की सेवा में 24 घंटे तत्पर रहते हैं और शहर को साफ रखने में अहम भूमिका निभाते हैं, ऐसे में उनका सम्मान कर, मनोबल बढ़ाना हमारा कर्तव्य है। इसी मंशा से आज सफाई मित्रों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है। अतिथियों ने सभी सफाई मित्रों को पुष्पहार पहनाकर एवं प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके कार्य की सराहना की। विधायक राजेश बबलू शुक्ला ने स्वच्छता पर अपने विचार व्यक्त करने के बाद सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उल्लेखनीय है कि इन दिनों सफाई मित्रों द्वारा नगर में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत समस्त वार्डों में स्वच्छता अभियान चलाते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। कार्यक्रम में नगर परिषद के समस्त पार्षद, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, उपयंत्री पुरुषोत्तम प्रजापति सहित निकाय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।









