
छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की न्यू कॉलोनी के पास गुरुवार की शाम को कुछ स्कूली छात्रों के बीच वाद-विवाद और मारपीट हुई, जिसकी जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एक छात्र को पकड़ लिया है। अन्य युवक अपने वाहन छोड़कर मौके से भाग निकले थे, जिनकी पहचान कर उन्हें पकडऩे का प्रयास किया जा रहा है।बताया गया है कि जिन युवकों के बीच विवाद हुआ वे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र हैं। किसी बात को लेकर छात्रों के दो गुटों में वाद-विवाद और मारपीट हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि गुरुवार की सुबह के वक्त भी इन्हीं युवकों के बीच विवाद हुआ था, उस वक्त सभी युवक यहां से चले गए थे लेकिन शाम को एक बार फिर युवक एकत्रित हुए और जमकर विवाद हुआ। एक युवक को बेल्टों से पीटे जाने की बात प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई है। पुलिस ने मौके से 3 दोपहिया वाहनों सहित विवाद में शामिल एक युवक को पकड़ा है, जिससे पूछताछ की जा रही है।









