
रविवार को जिला भाजपा कार्यालय में सदस्यता अभियान संबंधी बैठक लेने पहुंचे सांसद डॉ. वीरेन्द्र कुमार से जब उन पर लग रहे आरोपों पर सवाल किए गए तो सबसे पहले उन्होंने इस विषय की जानकारी न होने की बात कही। इसके बाद जब मीडियाकर्मियों ने उन्हें गत रोज पूर्व मंत्री मानवेन्द्र सिंह और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला मंत्री लालदीवान अहिरवार द्वारा की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस तथा उनके द्वारा लगाए गए आरोपों से अवगत कराया तो सांसद ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कंबल ओढ़कर घी पीने वालों को शब्दों का नाप तौल कर प्रयोग करना चाहिए। इसके अलावा सांसद ने कहा कि विरोध क्यों किया जा रहा है यह शोध का विषय है, इसका जवाब तो विरोध करने वाले अथवा मीडिया ही दे सकती है। सांसद ने कहा कि मैंने कभी भी अपने लिए राजनीति नहीं की है, मैं जनता और कार्यकर्ताओं के लिए लड़ने वाला व्यक्ति हूं। हमारे कार्यकर्ताओं को आयातित लोगों के प्रमाण-पत्र की आवश्यकता नहीं है, मैं हमेशा अपने कार्यकर्ताओं के साथ खड़ा रहूंगा। यदि किसी को आपत्ति है तो वह संगठन में इसकी शिकायत कर सकता है। सांसद प्रतिनिधि पर लग रहे आरोपों पर उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अपराधी है तो कानून इसकी जांच करे। सदस्यता अभियान की बैठक में जिले के विधायकों की अनुपस्थिति के सवाल पर सांसद ने कहा कि चूंकि यह संगठनात्मक बैठक है इसलिए जनप्रतिनिधि इसमें शामिल नहीं हुए हैं, हमने सदस्यता टोलियों के साथ बैठक कर सदस्यता अभियान की समीक्षा और आगे की कार्ययोजना तैयार की है।








