Home डेली न्यूज़ फोरलेन पर तेज रफ्तार ट्रक ने गौवंश के झुंड को कुचला

फोरलेन पर तेज रफ्तार ट्रक ने गौवंश के झुंड को कुचला

33
0
Jeevan Ayurveda

पुलिस ने ट्रक चालक सहित दो को किया गिरफ्तार

छतरपुर। एक ओर सरकार, जिला प्रशासन और नगरीय निकाय आवारा मवेशियों को गौशाला भेजने के लिए अभियान चला रहे हैं तो वहीं दूसरी और हाईवे पर आए दिन गौवंश वाहनों की चपेट में आकर काल के गाल में समा रहा है। बीती रात शहर के ओरछा रोड थाना क्षेत्र में झांसी-बमीठा फोरलेन पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर बैठे गौवंश के झुंड को कुचल डाला, जिससे करीब एक दर्जन गायों की मौत हो गई जबकि करीब आधा दर्जन गौवंश घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन और गौसेवक मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने ट्रक चालक सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त कर लिया है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक फोरलेन पर ग्राम कैंड़ी के पास बमीठा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक क्रमांक यूपी 93 ओटी 3750 ने रात करीब साढ़े 10 बजे गौवंश के झुंड को कुचल दिया, जिससे 11 गायों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 नग गौवंश बुरी तरह से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी, ओरछा रोड और कोतवाली थाना प्रभारी तथा गौसेवक रविराज, पारस दुबे अपनी-अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उक्त टीमों ने सभी घायल गायों को इलाज के लिए रात के वक्त ही हरिओम गौशाला पहुंचाया। वहीं मृत गौवंश का शनिवार को नगर पालिका की टीम द्वारा अंतिम संस्कार कराया गया है। ओरछा रोड थाना प्रभारी पुष्पेंद्र यादव ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर घटना के कुछ ही समय बाद ट्रक चालक धीरेंद्र कुशवाहा और उसके छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है, साथ ही ट्रक को भी जब्त किया गया है। दोनों के विरुद्ध ओरछा रोड थाना में मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। उक्त घटना के बाद शहर के गौ सेवकों में आक्रोश है, उनका आरोप है कि आवारा गोवंश के प्रबंधन हेतु जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के चलते एक दर्जन गायों की अकस्मात मृत्यु हुई है।

Ad
Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here