
40 हजार की नगदी सहित 13 लाख की संपत्ति जब्त
छतरपुर। बमीठा थाना क्षेत्र के जंगल में कुछ जुआरी हार-जीत के दांव लगा रहे थे, जिसकी सूचना मिलने के बाद तीन थानों की संयुक्त पुलिस टीम ने दबिश देकर 5 जुआरियों को पकड़ा है। जुए के फड़ से 40 हजार की नगदी सहित करीब 13 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। कुछ जुआरी मौके से भागने में सफल हो गए थे जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने करीब एक दर्जन जुआरियों के विरुद्ध बमीठा थाना में अपराध पंजीबद्ध किया है।बमीठा थाना प्रभारी उप निरीक्षक मोहर सिंह सिकरवार ने बताया कि बीती रात उन्हें थाना क्षेत्र के राजगढ़ गांव के समीप जंगल में जुआ का फड़ संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में बमीठा के अलावा थाना सटई और बिजावर के पुलिस बल की संयुक्त टीम गठित की गई, जिसने संबंधित स्थान की घेराबंदी कर दबिश दी। मौके पर मौजूद करीब एक दर्जन जुआरियों में से 5 जुआरी पुलिस के हाथ लगे, शेष आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। जुआ के फड़ से पुलिस टीम ने 40 हजार 60 रुपए नगद, 5 मोबाइल फोन, 2 लग्जरी कार और 4 मोटरसाइकिल सहित लगभग 13 लाख कीमत की संपत्ति जब्त की। जिन जुआरियों को गिरफ्तार किया गया है उनमें पड़ोसी जिले पन्ना के रानीगंज मोहल्ला निवासी सचिन पुत्र उमाकान्त तिवारी उम्र 33 साल, टिकुरिया मोहल्ला निवासी राहुल पुत्र विमल कुमार रावत उम्र 29 साल, बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम राजगढ़ निवासी मिलन उर्फ राममिलन पुत्र मुन्ना कुशवाहा उम्र 26 साल, पूरन पुत्र हनुमत अहिरवार उम्र 23 साल और छतरपुर के नया मोहल्ला निवासी आरिफ अली पुत्र बरकत अली उम्र 24 साल शामिल हैं। जो जुआरी मौके से भाग निकले थे उनके नाम अलोक तिवारी निवासी गंज, उमर खान निवासी राजनगर, बन्टे खटीक निवासी राजनगर, बबलू खटीक निवासी राजनगर, जीतेन्द्र यादव निवासी चन्द्रनगर और राहुल पटना निवासी चन्द्रनगर बताए गए हैं। उक्त सभी जुआरियों के विरुद्ध थाना बमीठा में पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है, साथ ही फरार जुआरियों की तलाश की जा रही है। कार्रवाई को बिजावर एसडीओपी शशांक जैन, खजुराहो एसडीओपी सलिल शर्मा के मार्गदर्शन में बमीठा थाना प्रभारी उप निरीक्षक मोहर सिंह सिकरवार, सटई थाना प्रभारी दीपक यादव और बिजावर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।









