
छतरपुर। कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई के प्रांतीय आवाहन पर रविवार को जिला इकाई द्वारा छात्र हित की मांगों पर आधारित पोस्टर लांच किया गया। साथ ही जिला मुख्यालय के कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता आयोजित कर आज से शुरु होने जा रहे कैंपस चलो अभियान की विस्तृत जानकारी साझा की।एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष विवेक अग्रवाल,ने बताया कि आज जो पोस्टर लांच किया गया है उसमें पेपर लीक होने के मामलों सख्त कानून बनाए जाने, छात्रवृत्ति पर लोकसेवा गारंटी, शिक्षण संस्थानों में सबको शिक्षा-सबको प्रवेश और इसी सत्र से छात्र संघ चुनाव शुरु कराने जैसी मांगों का उल्लेख किया गया है। श्री अग्रवाल ने बताया कि आज से एनएसयूआई के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कैंपस चलो अभियान के तहत जिले के तमाम शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को इन मांगों से अवगत कराकर समर्थन मांगेंगे। पोस्टर लांच कार्यक्रम में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष के अलावा जिला उपाध्यक्ष सुमित चौरसिया, अश्वनी मिश्रा, एनएसयूआई आईटी सेल जिलाध्यक्ष कृष्णकांत पटेल, सौरभ शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









