
छतरपुर। एनसीसी द्वारा पहले खजुराहो और फिर छतरपुर नगर में भारत के 78वें स्वतंत्रता दिवस से पहले हर घर तिरंगा अभियान के तहत जागरूकता तिरंगा यात्रा आयोजित की गई। यात्रा में कैडेट्स और छात्रों के साथ एनसीसी के अधिकारी हाथों में तिरंगा झंडा उठाकर भारत माता की जय, जय जवान-जय किसान व वंदे मातरम के नारे लगाते हुए छतरपुर वासियों को हर घर तिरंगा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रहे थे।एनसीसी छतरपुर के सीओ कर्नल नितिन थापा और एडम ऑफिसर कर्नल योगेश गांधी के नेतृत्व में यह तिरंगा यात्रा पहले खजुराहो में निकाली गई और उसके बाद छतरपुर शहर में विभिन्न स्थानों से होती हुई यह यात्रा शहीदों को नमन करते हुए और समूचे शहर में स्वतंत्रता दिवस के त्यौहार को मनाने का पैगाम देते हुए निकली गई।








