
छतरपुर। जिला अस्पताल परिसर की सफाई व्यवस्था एक बार फिर धराशायी नजर आ रही है। बताया गया है कि अस्पताल के वार्डों में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं, जिस कारण से वार्ड में बदबू फैल रही है। वहीं गंदा पानी भरा होने के कारण भी मरीज परेशान हैं। जिला अस्पताल की तीसरी, चौथी और पांचवीं मंजिल पर भर्ती मरीजों ने बताया कि वार्डों में फैली गंदगी और जगह-जगह भरे गंदे पानी के कारण उन्हें अत्यधिक परेशानी हो रही है। मरीजों तथा उनके परिजनों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जिला अस्पताल में जो वॉटर कूलर लगाया गया है, उसके पास तक पहुंचने के लिए भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। गंदगी और पानी साफ कराने की गुहार अस्पताल प्रबंधन से लगाई गई लेकिन कोई इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।








