छतरपुर। ग्राम तिलोहा निवासी 40 वर्षीय इंद्रपाल सिंह पुत्र जीत सिंह ने चुनावी रंजिश के चलते हुए हमले की शिकायत लेकर मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।पीडि़त परिवार के अनुसार इंद्रपाल सिंह का गांव के ही हरेंद्र सिंह से चुनाव को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते बीते 2 तारीख को इंद्रपाल के खेत पर एक चारपहिया वाहन से करीब आधा दर्जन लोग पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। जब इंद्रपाल ने विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से उसकी जमकर मारपीट कर दी। मारपीट की शिकायत पीडि़त द्वारा थाना सिटी कोतवाली में दर्ज कराई गई थी, लेकिन परिजनों का कहना है कि पुलिस ने अब तक किसी भी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की है। कार्यवाही न होने से नाराज होकर मंगलवार को पीडि़त परिवार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।










