
छतरपुर। शिव आराधना के लिए प्रसिद्ध सावन माह के दूसरे सोमवार को जिले के विभिन्न शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। जिला मुख्यालय पर स्थित संकट मोचन मंदिर परिसर के शिव मंदिर में सुबह से भक्तों का तांता लगा रहा। सुबह 4 बजे से भक्तों का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था, जो कि दिन भर जारी रहा। भक्त राहुल पटैरिया ने बताया कि संकट मोचन परिसर का यह शिव मंदिर सैकड़ों वर्ष पुराना है, जिसमें लोगों की गहन आस्था है। उन्होंने बताया कि सावन के 30 दिनों तक प्रतिदिन मंदिर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होते हैं। वहीं सावन माह में भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार भी यहां किया जाता है।








