
नौगांव। मुख्यमंत्री के आदेश के बावजूद नगर में खुलेआम मांस बेचने वालों पर कार्यवाही न होने से नाराज विहिप एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने तहसील जाकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है।विहिप एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आवेदन में बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा बीते दिनों निर्देश दिए गए थे कि खुले में मांस, मछली का विक्रय नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए थे कि एक निश्चित स्थान तय कर वहीं पर मांस, मछली का विक्रय किया जाएगा। लेकिन प्रशासन द्वारा मांस, मछली के खुले में विक्रय को नहीं रोका गया है। इसी से नाराज विहिप एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए खुले में मांस, मछली का विक्रय करने वालों पर कार्यवाही की मांग की है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अगर खुले में मांस मछली के विक्रय को बंद नहीं किया गया तो विहिप एवं बजरंग दल उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे। ज्ञापन में मुख्य रूप से दुर्गावाहिनी की बहनें, विश्व हिंदू परिषद प्रखंड अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह परमार, जिला सह संयोजक बजरंग दल जितेंद्र सिंह घोष, प्रखंड मंत्री अंजुल यादव, प्रखंड संयोजक सतेंद्र परमार, नगर अध्यक्ष प्रिंस परमार, नगर संयोजक सत्यम मिश्रा एवं विश्व हिंदू परिषद बजरंगदल के सभी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








