
सुबह 9 बजे से पड़ रही झुलसा देने वाले गर्मी, घरों में दुबके लोग
छतरपुर। जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान के चलते लोगों का हाल बेहाल है। सुबह 9 बजे से ही झुलसा देने वाली गर्मी पड़ रही है। शहर में शनिवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया, जो कि इस सीजन का सर्वाधिक तामपान था। दोपहर में सड़कों पर लोग गर्मी से बचाव करते नजर आए। कुल मिलाकर भीषण गर्मी और तेज धूप के कारण लोगों का बुरा हाल है।लू चलने के कारण दोपहर के समय तो लोग घरों में दुबके रहने को मजबूर हैं। इतना ही नहीं भीषण गर्मी से लोगों की दिनचर्या भी पूरी तरह से बदल गई है। अब सुबह और शाम के वक्त ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। चिकित्सकों ने भी लोगों को ठंडे पेय पदार्थों का सेवन करने, भूखे पेट बाहर न निकलने, शरीर को ढक कर बाहर निकलने की सलाह दी है। बढ़ते तापमान से परेशान लोग गर्मी से बचने के लिए कोल्ड ड्रिंक, लस्सी, गन्ने का जूस, नींबू का शरबत, शिकंजी जैसे शीतल पेय पदार्थों का सेवन करते दिख रहे हैं। युवा कृष्णकांत मिश्रा बताते हैं कि शहर में पड़ रही भीषण गर्मी के चलते प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि चूंकि सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक भयानक गर्मी पड़ रही है जिस कारण युवाओं को शैक्षणिक संस्थानों तक इसी गर्मी के बीच जाना पड़ता है जिससे उनकी हालत खराब हो जाती है।









