
छतरपुर। मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने छतरपुर के महाराजा छत्रसाल बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय में जमकर हंगामा किया। विद्यार्थियों ने सप्लीमेन्ट्री परीक्षा के खराब परिणाम, कैम्पस में स्वच्छता, जल व्यवस्था आदि की बदत्तर स्थिति जैसे मुद्दों पर कुलसचिव के कक्ष का घेराव करते हुए यहां जमकर नारेबाजी की। विद्यार्थी परिषद के अजय कुमार कुशवाहा ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रबंधन लगातार विद्यार्थियों की अनदेखी कर रहा है। कक्षाओं में बैठने के लिए स्थान नहीं है, पीने के लिए पानी नहीं है, परीक्षा की जांच के नाम पर लापरवाही हो रही है, बार-बार शिकायत करने के बावजूद विश्वविद्यालय प्रबंधन सुधार नहीं करता इसलिए इस बार हमने कुलसचिव के कक्ष में बैठकर ही चार घंटे तक प्रदर्शन किया है। अंतिम बार ज्ञापन सौंपकर सुधार की मांग करते हुए विद्यार्थी परिषद के नेताओं ने बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।








