
मस्जिदों में हुई सामूहिक नमाज, मांगी गई अमन की दुआ
छतरपुर। ईद-उल-फितर का पर्व छतरपुर जिले में गुरुवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह सात बजे नई ईदगाह मस्जिद में सामूहिक नमाज अदा करते हुए अमन चैन एवं खुशहाली की दुआ मांगी गई। इसके बाद ईद मिलन कार्यक्रम हुआ। बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने नमाज अदा करने के साथ एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। नई ईदगाह के अलावा शहर और जिले की अन्य मस्जिदों में नमाज अदा की गई।
नमाज अदा करने पहुंचे मुस्ताक खान ने बताया कि ईद खुशियों का त्यौहार है, जिसे सभी धर्मों के लोग आज मिल-जुल कर मना रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस पर्व से पहले शुरू होने वाले रमजान के पाक महीने में इस्लाम मजहब को मानने वाले लोग पूरे एक माह तक रोजा रखते हैं। वहीं हाजी शहजाद अली ने सभी से मिल-जुलकर रहने और अमन कायम रखने की अपील की। ईद मिलन में मुस्लिम समाज के अलावा अन्य समाजों के लोग भी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान एसडीएम अखिलेश राठौर और एएसपी विक्रम सिंह मौजूद रहे, जिन्होंने सभी को ईद की मुबारकबाद दी, साथ ही सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
जिले भर में शांति पूर्वक मनाया गया ईद का पर्व
जिला मुख्यालय के अलावा जिले के अन्य शहरों तथा कस्बों में शांति पूर्वक ईद का पर्व मनाया गया। जिले के सटई में बस स्टैंड पर स्थित ईदगाज में नमाज अदा की गई। नमाज के बाद सभी ने एक दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। वहीं सुरक्षा व्यवस्था भी चुस्त-दुरुस्त रही। सटई सदर अहमद सौदागर ने बताया कि रमजान मुबारक का महीना इबादत का महीना है। एक माह की इबादत के बाद आज ईद मनाई जा रही है। वहीं बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इसी तरह बड़ामलहरा की ईदगाह मस्जिद में ईद-उल-फितर की नमाज अदा की गई। मुस्लिम समाज के लोगों ने नमाज के बाद देश के लिए अमन-चैन और भाईचारे की दुआ मांगी। ईदगाह में हाफिज़ फरीद खान एवं नगर की नूरानी मस्जिद में हाफिज़ व हजरत मोमिन शाह और तकिया मजार की मस्जिद में अब्दुल गफ्फार खान ने नमाज अदा कराई। इस मुबारक मौके पर मुस्लिम समाज के लोगों ईदी बांटते हुए एक दूसरे को मुबारकबाद दी। सुरक्षा की दृष्टि से नायब तहसील विशंभर सिंह, उप निरीक्षक श्री दाहिया, प्रधान आरक्षक प्रकाश सिंह और नगर परिषद के बबलू चढ़ार भ्रमण करते नजर आ। उन्होंने भी मुस्लिम सामुदाय के लोगों को मुबारकबाद दी।








