
ढोल नगाड़ों के साथ निकाली भव्य कलश यात्रा
गढ़ीमलहरा। नगर के सरस्वती शिशु मंदिर से शनिवार को श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ की भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा के दौरान महिलायें, पुरुष, बच्चे, वृद्धजन शामिल हुए। कलश यात्रा के दौरान भगवान के जयकारे से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा। कलश यात्रा नगर के मुख्य मार्ग पुराना बाजार, अखाड़ा मार्ग, गंज मुहल्ला, बस स्टैंड होते हुए कथा स्थल सरस्वती शिशु मंदिर में समाप्त हुई। इस दौरान जगह जगह नगर में कलश यात्रा का स्वागत किया गया। यात्रा में एक रंग के वस्त्र धारण किये महिलायें अपने सिर पर कलश धारण किये कथा यजमान सिर पर भागवत पुराण के साथ चल रहे थे।
कथा प्रांगण में पहुंचने के बाद सात दिनों तक चलने वाले महायज्ञ की शुरुआत शाम 6 बजे से प्रतिदिन हरी ईच्छा तक की जायेगी जो 12 अप्रैल तक चलेगी। कथा के प्रथम दिवस वृन्दावन धाम से पधारे पं. अभिषेक शास्त्री प्रांगण में उपस्थित सभी भक्तों को भागवत का महत्व बताते हुये कथा की शुरुआत की गई। कथा व्यास श्री शास्त्री ने संगीतमय भागवत कथा का रसपान कराते हुए बताया कि इस कलयुग में भागवत कथा की भक्ति ही मानव जाति के कल्याण का मार्ग है। भागवत कथा के श्रवण से ही भक्त और भगवान के बीच की दूरी समाप्त होती है।








