
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पीडि़ता ने लगाई न्याय की गुहार
छतरपुर। बकस्वाहा थाना क्षेत्र के ग्राम बम्हौरी की युवती ने गांव के एक व्यक्ति पर छेड़-छाड़ और मारपीट के आरोप लगाए हैं। युवती ने पुलिस पर भी आरोप लगाया है कि थाने में उसके बताए अनुसार रिपोर्ट नहीं लिखी गई और आरोपी के कहने पर उल्टा उसके पिता को झूठे मामले में फंसाकर परेशान किया जा रहा है। युवती ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर न्याय की मांग की है।पीडि़त युवती ने बताया कि 22 मार्च को शाम करीब 7 बजे वह अपने खेत से घर आ रही थी, तभी रास्ते में गांव का आनंद पुत्र कन्हैया लाल बिल्थरे मिला, जो शराब के नशे में धुत्त था। आनंद ने बुरी नियत से पीडि़त को पकड़ लिया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। जब पीडि़ता ने शोर मचाया तो आसपास के लोग वहां पहुंच गए और आरोपी आनंद बिल्थरे वहां से भाग गया। घर जाकर पीडि़ता ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी और शिकायत करने के लिए बम्हौरी चौकी गई। पीडि़ता का आरोप है कि बम्हौरी चौकी में पुलिस ने उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी, जिसके बाद वह बकस्वाहा थाने गई थी। वहां भी पुलिस ने उसके बताए अनुसार रिपोर्ट दर्ज नहीं की और आरोपी के कहने पर उल्टा उसके पिता को झूठे मामले में फंसाते हुए प्रताडि़त किया जा रहा है। पीडि़ता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर आरोपी पर सख्त कार्यवाही कराने की मांग की है।









