
छतरपुर। चुनाव के मद्देनजर फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक अगम जैन द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना महाराजपुर और गढ़ीमलहरा की पुलिस टीमों ने पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्यवाही की है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक महाराजपुर थाना पुलिस द्वारा 3 साल पूर्व हुए एक एक्सीडेंट के मामले में फरार चल रहे वारंटी नरेन्द्र पुत्र कल्ला सेन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। जबकि गढ़ीमलहरा पुलिस ने मारपीट, एससी-एसटी एक्ट में फरार चल रहे अपराधी गोलू पुत्र प्यारेलाल नामदेव, मारपीट के मामले में फरार संजय पुत्र गौरीशंकर बंसल उम्र 25 वर्ष तथा एक अन्य मामले मे फरार गौरीशंकर पुत्र लच्छू बरार निवासी गढ़ीमलहरा को गिरफ्तार किया है। इसके अतिरिक्त गढ़ीमलहरा पुलिस ने विद्युत अधिनियम के प्रकरण में फरार रूपनारायण पुत्र हीरालाल राठौर को भी गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को मेडिकल परीक्षण के उपरांत पुलिस द्वारा न्यायालय में पेश किया गया।








