
नौगांव थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर बीती रात गश्त के दौरान थाना क्षेत्र के ग्राम ठठेवरा में स्कूल के पीछे अवैध शराब की सप्लाई करने की फिराक में बैठे व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। श्री सिंह ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति का नाम रामकिशोर त्रिपाठी उम्र 47 वर्ष है और वह नौगांव के वार्ड नंबर 7 सिविल अस्पताल के पास का रहने वाला है। रामकिशोर ग्राम ठठेवरा में स्कूल के पीछे खेत की मेड़ पर 7 खाकी रंग के कार्टून रखे हुए बैठा था, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। उक्त कार्टून में पुलिस को प्रिंस देसी मदिरा लेमन कंपनी के 350 क्वार्टर मिले, जिनमें कुल 63 लीटर शराब थी। जप्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 22 हजार 750 रूपए है। रामकिशोर के पास शराब संबंधी वैध दस्तावेज नहीं मिले हैं, उसे अभिरक्षा में लेकर आबकारी अधिनियम धारा 34/2 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।








