
कब्जा करने से रोका तो पूरे परिवार को पीटा
छतरपुर। मतागुवां थाना क्षेत्र के ग्राम पिपौरा खुर्द के रहने वाले एक गरीब दलित परिवार की जमीन पर दबंगों ने नियत आ गई और दबंगों ने जमीन पर कब्जा ठोक दिया। जब गरीब परिवार ने दबंगों का विरोध किया तो दबंगों ने पूरे परिवार के साथ मारपीट कर दी। उक्त घटना को करीब एक माह का समय होने को है लेकिन अभी तक पुलिस द्वारा मामला दर्ज नहीं किया गया है। मंगलवार को पीडि़त परिवार ने जिला मुख्यालय पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।मातगुवां थाना क्षेत्र के ग्राम पिपौराखुर्द के रहने वाले किशोरी लाल अहिरवार ने बताया कि पूर्व में उसे शासन से पट्टे की जमीन मिली थी। इसी भूमि पर ठाकुरन रसुईया निवासी जालम सिंह, विनीत सिंह और राजा सिंह की नियत आ गई और उनके द्वारा भूमि पर जबरन कब्जा कर लिया गया। जब किशोरीलाल ने उक्त दबंगों का विरोध किया तो 24 फरवरी को जालम, विनीत, राजा सहित उसके अन्य साथियों ने किशोरी लाल सहित उसके परिजन अरविंद, अजय और राधा अहिरवार के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। घटना के बाद पीडि़त किशोरी लाल मातगुवां थाना गया लेकिन पुलिस ने मारपीट करने वालों पर न तो मामला पंजीबद्ध किया और न ही कोई कार्यवाही की। किशारी लाल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अपनी फरियाद सुनाकर न्याय की मांग की है।








