
छतरपुर। जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परा में एक सड़क हादसे में 62 वर्षीय वृद्ध की जान चली गई। मृतक की पहचान ग्राम परा निवासी हिसाबी लाल पटेल के रूप में हुई है। यह दुर्घटना उस समय हुई जब वे दोपहर करीब 3:30 बजे खेत की ओर शौच के लिए जा रहे थे।परिजनों के अनुसार हिसाबी लाल पटेल अपने घर के पास स्थित कुएं के बगल से होकर जा रहे थे, तभी किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद वाहन मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में परिजनों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।मृतक के भतीजे ब्रजकिशोर पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने चाचा को घायल अवस्था में देखा और तुरंत अस्पताल लेकर आए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









