खजुराहो। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी पर्यटन नगरी खजुराहो में शिवरात्रि पर्व पर शिव विवाह की तैयारी शुरू हो गई हैं जिसके अंतर्गत भगवान मतंगेश्वर मंदिर परिसर में आज हल्दी और (मड़वा पंगत)विशाल भंडारा आयोजित किया गया है। नगर परिषद खजुराहो द्वारा आयोजित इस धार्मिक आयोजन शिव विवाह की पूर्व से परंपरा चली आ रही है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी बसंत चतुर्वेदी ने बताया कि शिव विवाह सारी रीति-रिवाज के साथ आयोजित हैं, जिसके अंतर्गत आज शिव विवाह में हल्दी की रस्म होगी साथ ही मंडप के नीचे बरा के साथ भव्य भण्डारा आयोजित किया गया है। 7 मार्च को जैन मंदिर मार्ग स्थित पार्किंग स्थल पर महिला संगीत(भजनों) का आयोजन किया जाएगा तथा 8 मार्च को भव्य शिव बारात निकाली जाएगी,जिसकी व्यापक रूप से क्षेत्रीय सांसद-वी.डी.शर्मा, विधायक-अरविंद पटैरिया तथा अध्यक्ष-अरुण अवस्थी के मार्गदर्शन में स्थानीय जनसहयोग से तैयारी कर ली गई है।जापान से शिव-विवाह में भेजी सहयोग राशि:- उक्त शिव विवाह आयोजन में खजुराहो के प्रसिद्ध होटल व्यवसायी,एन.आर.आई. शिव भक्त प्रभुदयाल गौतम ने जापान से 1लाख 51 हजार की राशि सहयोग में दी है,इसी तरह से मयंका गौतम ने 11 हजार सहित अन्य शिवभक्तों ने सहयोग राशि प्रदान की है।इसके पूर्व इस आयोजन हेतु हुई बैठक में नगर के सभी सितारा होटलो ने अपनी-अपनी जिम्मेदारी ली व्यापारी संघ द्वारा भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। शिव विवाह में मेहंदी, मंडप, मायना, टीका सहित अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।








