Home डेली न्यूज़ एक-एक बूथ कार्यकर्ता की आहूति से मिलेगा 400 पार का लक्ष्य

एक-एक बूथ कार्यकर्ता की आहूति से मिलेगा 400 पार का लक्ष्य

31
0
Jeevan Ayurveda

गृहमंत्री अमित शाह ने बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में भरा जोश
खजुराहो। लोकसभा चुनाव की रणभेरी बजने वाली है। भाजपा ने अपनी तैयारी भी शुरू कर दी है। रविवार को खजुराहो के मेला मैदान में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कार्यकर्ता सम्मेलन के माध्यम से कार्यकर्ताओं को विजय मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि बूथ कार्यकर्ता की एक-एक आहूति से ही 400 के पार जाने का लक्ष्य हासिल होगा।
अपने मप्र दौरे पर आए केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पर्यटन नगरी खजुराहो के मेला ग्राउण्ड में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 400 सीटों से ज्यादा जीतकर आने में बूथ कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। बूथ कार्यकर्ता ही नींव का पत्थर है। उन्होंने कहा कि बिना बूथ कार्यकर्ताओं के यह लक्ष्य हासिल नहीं हो सकेगा। गृहमंत्री ने इस दौरान अयोध्या में राम मंदिर बनने, जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटने, गरीबों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराने जैसी मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को गिनाया। उन्होंने कहा कि एक-एक कार्यकर्ता की मेहनत से सरकार बनी है और सरकार के बल पर ही देश की देवतुल्य जनता की दशा सुधारने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि 2019 में प्रदेश की 28 सीटें जीती थीं इस बार 29 सीटें मोदी जी की झोली में डालना हैं। उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा सनातन धर्म का अपमान किया है। कांग्रेस का मतलब भ्रष्टाचार है और भ्रष्टाचार का मतलब कांगे्रस है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार का पर्याय बन गई है।
खजुराहो विमानतल पर हुआ आत्मीय स्वागत
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह रविवार को भारतीय वायु सेना के विमान से खजुराहो पहुंचे थे। उनके साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और सांसद विष्णुदत्त शर्मा भी मौजूद थे। खजुराहो विमानतल आगमन पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री एवं मिनिस्टर इन वेटिंग श्रीमती संपतिया उइके ने केन्द्रीय मंत्री अमित शाह की अगवानी की। वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, पूर्व कैबिनेट मंत्री नरोत्तम मिश्रा एवं बृजेन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व राज्य मंत्री श्रीमती ललिता यादव, विधायक बिजावर राजेश शुक्ला, विधायक महाराजपुर कामाख्या प्रताप सिंह, विधायक पवई प्रहलाद लोधी, विधायक गुनौर राजेश वर्मा, नगर पालिका परिषद छतरपुर की अध्यक्ष श्रीमती ज्योति चौरसिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। प्रशासन की ओर से पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा, उप पुलिस महानिरीक्षक ललित शाक्यवार, कलेक्टर संदीप जी. आर., एसपी अमित सांघी ने स्वागत किया। केन्द्रीय गृह मंत्री एवं मुख्यमंत्री खजुराहो विमानतल से कार द्वारा खजुराहो के मेला ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। कार्यक्रम के उपरांत खजुराहो विमानतल से वायुयान द्वारा वे भोपाल रवाना हुए।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here