
गेहूं के लिए 1 मार्च और चना, सरसों के लिए 10 मार्च तक चलेगी प्रक्रिया
छतरपुर। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं बिक्री के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। जिले के जो भी किसान प्रदेश सरकार के उपार्जन केंद्रों पर अपना गेहूं को बेचना चाहते हैं, वे अपना रजिस्ट्रेशन 1 मार्च तक एमपी ई-उपार्जन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन केंद्र या फिर कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से करवा सकते हैं। 22 फरवरी तक संपूर्ण जिले के कुल 3520 किसानों ने पोर्टल पर अपने पंजीयन कराए हैं। गेहूं के अलावा चना एवं सरसों की फसल के लिए 20 फरवरी से पंजीयन प्रारंभ किए गए हैं, जो कि 10 मार्च तक किए जाएंगे।प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस बार प्रदेश सरकार ने गेहूं का समर्थन मूल्य 2275 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। जबकि चना 5340 रुपए प्रति क्विंटल, सरसों 5650 रुपए प्रति क्विंटल और मसूर 6425 रुपए प्रति क्विंटल की दर से उपार्जन केन्द्रों पर खरीदी जाएगी। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि से पहले अपनी फसलों का पंजीयन करा लें ताकि उपार्जन केन्द्रों पर उपज विक्रय करने में उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े। हालांकि अभी तक जो आंकड़े सामने आए हैं उससे पता चल रहा है कि जिले के किसान समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं।घुवारा में सबसे अधिक, तो चंदला में सबसे कम हुए पंजीयनजिला सहकारी बैंक से प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 फरवरी तक जिले के घुवारा में सर्वाधिक 1034 किसानों ने पंजीयन कराए हैं। जबकि चंदला में सबसे कम मात्र 10 किसानों ने ही अपनी फसल बेचने के लिए पंजीयन कराया है। इसके अलावा बड़ामलहरा में 859, राजनगर में 535, महाराजपुर में 287, छतरपुर में 212, नौगांव में 192, बिजावर में 148, छतरपुर नगर में 128, बक्स्वाहा में 64, गौरिहार में 35 और लवकुशनगर में 16 किसानों ने पंजीयन कराए हैं।









