Home डेली न्यूज़ बीच शहर में पिता-पुत्र बना रहे थे अवैध हथियार

बीच शहर में पिता-पुत्र बना रहे थे अवैध हथियार

6
0
Jeevan Ayurveda

छतरपुर। कोतवाली पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए शहर के बीचों-बीच चल रही एक हथियार फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से पिता और पुत्र को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जो अपने घर के आंगन में देशी कट्टे और पिस्टल बनाने का काम कर रहे थे। पुलिस ने इनके पास से निर्मित हथियारों के साथ भारी मात्रा में अधबने हथियार और निर्माण में प्रयुक्त होने वाले उपकरण जब्त किए हैं।सोमवार को उक्त कार्रवाई के संबंध में यातायात थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसपी अगम जैन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बेनीगंज मोहल्ले में गर्ल्स स्कूल के पीछे एक घर में अवैध रूप से हथियार बनाए जा रहे हैं। इस सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने संबंधित स्थान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के आंगन में दो व्यक्ति औजारों से लोहे के देशी कट्टे तैयार करते पाए गए। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों गया प्रसाद कोरी और उसके पुत्र कृष्ण कोरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा की गई छापेमारी में मौके से हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ है। जब्त किए गए सामान में एक 315 बोर देशी कट्टा, एक अधबनी पिस्टल, एक मैगजीन, एक अधबना कट्टा और एक नग लोहे की धुनकी शामिल है। इसके अलावा पुलिस को 305 नग 315 बोर के खाली खोखे, 90 नग कारतूस के पेंदे, 15 नग लोहे की स्प्रिंग, 35 नग पिस्टल के खाली खोखे और 12 बोर कारतूस के खाली खोखे सहित जिंदा कारतूस भी मिले हैं।आरोपियों से निकाली जा रही सप्लाई की जानकारीहथियार बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले तकनीकी उपकरण भी पुलिस ने बरामद किए हैं, जिनमें एक ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, छोटी-बड़ी हथौड़ी, प्लास, पेचकस, रेतमार, आरी ब्लेड, कट्टा हैमर और ट्रिगर जैसे संसाधन शामिल हैं। आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे इन हथियारों की सप्लाई किन-किन अपराधियों को करते थे और इस अवैध कारोबार के तार और कहाँ-कहाँ जुड़े हैं। फिलहाल दोनों अभियुक्तों के खिलाफ विधिवत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Ad
Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here