चंदला। नवागत थाना प्रभारी श्रद्धा शुक्ला ने पदभार ग्रहण करते ही अपराधियों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़े तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सड़क सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता देते हुए चंदला पुलिस ने देर रात बस स्टैंड और सर्किट हाउस के पास व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस औचक कार्रवाई से इलाके के असमाजिक तत्वों और नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मच गया।थाना प्रभारी श्रद्धा शुक्ला ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर अभियान की कमान संभाली। पुलिस टीम ने हर आने-जाने वाले दुपहिया और चार पहिया वाहनों की गहनता से तलाशी ली। चेकिंग के दौरान न केवल वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई, बल्कि संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई। थाना प्रभारी ने स्वयं वाहन चालकों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने विशेष रूप से ड्रिंक एंड ड्राइव को लेकर कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का यह सक्रिय कदम क्षेत्र में सुरक्षा का भाव पैदा कर रहा है।










