छतरपुर। अनुनय एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित उर्जस्विता सम्मान समारोह का आयोजन 7 जनवरी 2026 को इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, भोपाल में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रही 25 विशिष्ट महिलाओं को सम्मानित किया गया। समारोह में प्रमुख अतिथि के रूप में महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, पशुपालन मंत्री लखन पटेल, भोपाल महापौर मालती राय तथा भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे की उपस्थिति रही। अतिथियों ने महिलाओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि नारी शक्ति आज समाज निर्माण की मजबूत धुरी बन चुकी है।इसी कार्यक्रम में छतरपुर की डॉ. श्वेता गर्ग को स्वास्थ्य सेवा एवं कैंसर जागरूकता के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय और निरंतर योगदान के लिए उर्जस्विता सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया। डॉ. श्वेता गर्ग पिछले कई वर्षों से ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों में कैंसर की प्रारंभिक जांच, महिला स्वास्थ्य, निवारक चिकित्सा तथा जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।डॉ. गर्ग द्वारा अब तक लाखों लोगों तक स्वास्थ्य जागरूकता संदेश पहुंचाया गया, हजारों लोगों की नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं कैंसर स्क्रीनिंग कराई गई तथा समय पर जांच के माध्यम से अनेक मरीजों के जीवन की रक्षा संभव हो सकी। विशेष रूप से महिलाओं में स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर एवं अन्य गंभीर रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में उनका योगदान अत्यंत सराहनीय रहा है। सम्मान प्राप्त करने के उपरांत डॉ. श्वेता गर्ग ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी को और अधिक मजबूत करने वाला प्रेरक अवसर है। उन्होंने भविष्य में भी जनस्वास्थ्य एवं कैंसर जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, समाजसेवा, प्रशासन, उद्यमिता एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिससे यह समारोह नारी सशक्तिकरण, महिला नेतृत्व और सामाजिक चेतना का सशक्त मंच बनकर उभरा।
Home डेली न्यूज़ उर्जस्विता सम्मान 2026: स्वास्थ्य व कैंसर जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान...










