ईशानगर थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित पचेर घाट के समीप स्थित एक पुलिया बीते रोज बारिश में क्षतिग्रस्त हो गई थी, लेकिन इसके बाद भी यहां बैरीकेडिंग नहीं की गई जिसके परिणामस्वरूप रात के वक्त यहां एक दर्दनाक हादसा हो गया। बताया गया है कि एक पिकअप वाहन यहां से गुजर रहा था, जिसके चालक को पुलिया के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी नहीं थी। चूंकि पानी सड़क के ऊपर से बह रहा था जिस कारण से चालक को पुलिया के क्षतिग्रस्त होने का अंदाजा नहीं लगा और पिकअप टूटी हुई पुलिया के ऊपर से बह रहे पानी में समा गई। हादसे के वक्त पिकअप वाहन में चालक सहित तीन युवक सवार थे, जिनमें से चालक की मौत हो गई है, जबकि अन्य दो युवक किसी तरह अपनी जान बचाने मे कामयाब रहे।
हादसे के वक्त वाहन में मौजूद टीकमगढ़ जिले के ग्राम वानपुरा निवासी राहुल अहिरवार ने बताया कि वह कृष्णा विश्वकर्मा के पिकअप वाहन से एक अन्य दोस्त मनोहर विश्वकर्मा के साथ छतरपुर आया था। सुबह जब वह छतरपुर आ रहा था तब पुलिया ठीक थी। रात करीब 10 बजे वे तीनों वापिस अपने गांव जा रहे थे, नदी के आसपास पूरी सड़क पानी में डूबी थी जिस कारण से उन्हें पुलिया के क्षतिग्रस्त होने का अंदाजा नहीं लगा और वाहन पुलिया पर जाकर पानी में समा गया। राहुल के मुताबिक चालक कृष्णा विश्वकर्मा वाहन के नीचे दब गया था, जिस कारण से उसकी मौत हो गई, जबकि वह और उसका एक साथी किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में कामयाब हो गए, जिससे उनकी जान बच गई। राहुल ने बताया कि क्षतिग्रस्त पुलिया के आसपास न तो कोई अधिकारी-कर्मचारी तैनात था और न ही यहां बैरीकेडिंग की गई थी, जिस कारण से उन्हें पुलिया के क्षतिग्रस्त होने का पता नहीं चल सका और उनके साथ हादसा हो गया। घटना की खबर लगने के बाद ईशानगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को इलाज के लिए ईशानगर पहुंचाया। वहीं चालक के शव को सुबह के वक्त बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।









