छतरपुर। जिले में पुलिस द्वारा अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत निरंतर कार्यवाही की जा रही है। विगत दिनों में जिले में अवैध हथियारों की तस्करी, निर्माण एवं उपयोग में लिप्त 345 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसमें अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्रियों पर छापामार कार्यवाही भी शामिल है।
इसी क्रम में थाना सिविल लाइन पुलिस शाम के समय क्षेत्र भ्रमण के दौरान नई ईदगाह के पास में संदिग्ध व्यक्ति के अवैध हथियार सहित होने की सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए मौके पर पहुंची। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध 32 बोर पिस्टल, कारतूस कीमत करीब 25000 बरामद किया गया।
अवैध हथियार में लिप्त आरोपी साहिल खान पिता हनीफ खान निवासी संकट मोचन पहाडिय़ा छतरपुर को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के विरुद्ध आयुध अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है। अभियुक्त दुष्कर्म जैसे अपराध में पूर्व से लिप्त है। विवेचना कार्यवाही जारी है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी सिविल लाइन निरीक्षक वाल्मीकि चौबे, प्रधान आरक्षक राजीव मिश्रा आरक्षक अजय प्रताप सिंह, धर्मेंद्र चतुर्वेदी, ऋषिकेश की भूमिका रही।










