
फसलों को होगा फायदा, सिंचाई से मिलेगी राहत
छतरपुर। जिले में शुक्रवार की रात से शुरु हुआ मावठ की बारिश का दौर शनिवार को दिन भर चलता रहा। पूरे जिले में रुक-रुक कर हो रही बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। दरअसल इस बारिश से गेहूं, चना, सरसों, जौ आदि की फसल को फायदा होने वाला है और इसके साथ ही किसानों को सिंचाई की मेहनत से भी राहत मिल गई है, जिस कारण से किसान खुश हैं।छतरपुर जिले में शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात बारिश शुरु हुई थी। शनिवार की सुबह सडक़ों पर कोहरा भी देखने को मिला। दोपहर बाद एक बार फिर बारिश हुई, जिससे किसानों के चेहरे खिल उठे। किसान प्रतिपाल सिंह ने बताया कि मावठ की यह बारिश रबी की फसल के लिए बेहद फायदेमंद है। उन्होंने बताया कि इस बारिश के बाद किसानों को फसलों में यूरिया का छिडक़ाव नहीं करना पड़ेगा साथ ही सिंचाई कार्य से किसानों को राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि मावठ का पानी गिरने से फसलों की अच्छी उन्नती होगी और पैदावारी बढ़ेगी। वहीं दूसरी ओर बारिश के बाद वातावरण में ठंडक घुल गई है जिससे आने वाले दिनों में कड़ाके की सर्दी पडऩे की संभावना है।









