
छतरपुर। इस समय हर गांव, मोहल्ले और शहर में बागेश्वर धाम सुंदरकांड मंडल गठित करने का अभियान चल रहा है। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के मार्गदर्शन में चल रहे इस कार्य के तहत विगत रोज छतरपुर में देश भर के गठित किए गए सुंदरकांड मंडलों के प्रतिनिधियों का एकदिवसीय महा सम्मेलन आयोजित हुआ। बागेश्वर महाराज ने मंडलों के प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि साधु संतों के कमंडल और बागेश्वर धाम सुंदरकांड मंडलों के सहयोग से भारत को हिंदू राष्ट्र बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि महान संतों और महापुरुषों ने जो परंपराएं चलाईं वे आज भी चल रही हैं भले ही वे महापुरुष अब इस दुनिया में नहीं है।
शहर के सागर रोड में स्थित सिद्धि मैरिज गार्डन में बागेश्वर धाम शिष्य मंडल एवं वर्तमान में देशभर में गठित किए गए बागेश्वर धाम सुंदरकांड मंडलों के प्रतिनिधियों का एकदिवसीय महासम्मेलन आयोजित हुआ। परंपरागत रूप से शुरू हुये इस महासम्मेलन में महाराज श्री ने हनुमान चालीसा का पाठ कराकर सबकी वाणी पवित्र कराई। उन्होंने अपने आशीर्वचन देते हुए कहा कि सुंदरकांड मंडलों के गठन से न केवल एकता का भाव पैदा होगा बल्कि भेदभाव मिटेगा। एक जुट होने से विधर्मियों को चोट पहुंचेगी। बालाजी की कृपा से सुंदरकांड मंडल से जुड़े लोगों के परिवार व्यसन मुक्त होंगे, जीवन सार्थक होगा। उन्होंने सप्ताह में एक बार सुंदरकांड पाठ करने का आह्वान किया। महाराज जी ने कहा कि जब कोई संकल्प घर से शुरू होता है तो वह दुनिया में फैलता है, हिंदू राष्ट्र बनाने का संकल्प भी ऐसा ही है। उन्होंने कहा कि सुंदरकांड मंडल हर जिले से एक-एक धीरेंद्र का कृष्ण शास्त्री को निकालेंगे। इस अवसर पर महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, दिल्ली सहित अन्य स्थानों के सुंदरकांड मंडल प्रतिनिधि व शिष्य मंडल के सदस्य शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन सुंदरलाल रैकवार ने किया।
भीड़ से क्रांति नहीं आती
बागेश्वर महाराज ने कहा कि कभी भी भीड़ से क्रांति नहीं आई। कोई व्यक्ति ही आगे आता है और उसके विचारों से जब लोग जुड़ते हैं तभी क्रांति का रूप तैयार होता है। महाराज श्री ने सुंदरकांड मंडलों के प्रतिनिधियों से कहा कि वह जनकल्याण के लिए निकल पड़ें। उन्होंने कुछ महापुरुषों के नाम लेते हुए कहा कि आज वे महापुरुष नहीं है लेकिन उन्होंने जो परंपराएं चलाईं वे अब भी चली आ रही है।
शपथ लें जीवन भर मंडल से जुड़े रहेंगे
बागेश्वर महाराज ने लोगों से कहा कि बागेश्वर धाम सुंदरकांड मंडलों के लिए कुछ नियम तय किए गए हैं जिनमें से प्रमुख रूप से यह है कि मंडल किसी भी राजनीतिक गतिविधि में हिस्सा नहीं लेंगे, मंडल कोई भी धरना प्रदर्शन में शामिल नहीं होगा, मंडल के सदस्यों को शपथ लेनी होगी कि वह जीवन पर्यंत बागेश्वर धाम से जुड़े रहेंगे और धाम के क्रियाकलापों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। उन्होंने फिर दोहराया कि मंडल का सदस्य होने के बदले किसी भी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
लव जिहाद और जीव हिंसा पर की बेबाक टिप्पणी
महाराज श्री ने कहा कि हम अपने बच्चों को सनातन संस्कृति से जोड़ें। सनातन दूसरों का सम्मान करने की शिक्षा देता है। उन्होंने लव जिहाद के संबंध में कहा कि षडयंत्र पूर्वक हमारी बेटियों को कुछ लोग अपने जाल में फसाते हैं इसके बाद उन पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जाता है। बेटियां उनकी बातों से इंकार करती हैं तो उन्हें अपनी जान गंवानी पड़ती है। महाराज श्री ने कहा कि लगातार हो रही घटनाओं से सचेत और सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अपने बच्चों के साथ-साथ आसपास रहने वाले परिवारों को भी इसके लिए आगाह करें। उन्होंने जीव हिंसा को कतई उचित नहीं ठहराया।








